भूल से अपनी के बजाए दूसरे की बाइक ले जाने वाले को जिला अस्पताल परिसर में शराफत दिखाना महंगा पड़ा। वह जिसकी बाइक लेकर गया था उससे माफी मांगते हुए आर्थिक जुर्माना भी भुगतने को तैयार हो गया। मगर बाइक स्वामी ने उसे पीटना शुरू कर दिया। लोगों ने बीचबचाव किया तो मामला शांत हुआ। शनिवार को पट्टी क्षेत्र का राकेश कुमार बाइक से जिला अस्प्ताल में भर्ती मरीज को देखने आया था। पानी टंकी के बगल उसने बाइक खड़ी की और वार्ड के अंदर चला गया। इस बीच उसी कंपनी की मिलती जुलती बाइक किसी ने उसकी गाड़ी के बगल खड़ी कर दी। राकेश आया तो भूल वश उसकी बाइक में चाबी लगाई और लेकर चला गया।
इधर, बाइक गायब देख उसका मालिक परेशान हो गया। उसने इधर-उधर काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। उधर, गलती का एहसास होने पर राकेश उसकी बाइक लेकर अस्पताल पहुंचा और मांफी मांगने लगा। इस बीच परेशान युवक उस पर भड़क गया। उसने राकेश को उल्टा-सीधा बोलना शुरू कर दिया। इस पर राकेश आर्थिक दंड भी भुगतने को तैयार हो गया, लेकिन युवक मानने को तैयार नहीं था। उसने राकेश को पीटना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीचबचाव कर मामला शांत कराया।