रानीगंज के पचरास में रविवार की रात बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने अस्पताल संचालक से तमंचे के बल पर लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने फायर भी किया, लेकिन संचालक बाल बाल बच गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मौके से कारतूस का खोखा बरामद किया।
रानीगंज थाना क्षेत्र के लच्छीपुर बाजार के प्रधान के भतीजे फिजियोथेरेपिस्ट आशीष गुप्ता रानीगंज बाजार में मां बाराही हॉस्पिटल का संचालन करते हैं। रविवार की रात करीब पौने दस बजे हॉस्पिटल बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। पचरास के पास पीछे से अपाचे सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
तमंचा सटाकर 6500 रुपये, अंगूठी और चेन छीन ली। विरोध करने पर बदमाशों ने फायर झोंक दिया। गनीमत रही की गोली उन्हें नहीं लगी। बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। फायर की आवाज पर आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश रानीगंज की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर रानीगंज थानाध्यक्ष प्रभात कुमार और सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल से कारतूस का खोखा मिला। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। रानीगंज सीओ विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि बदमाशों की तलाश में तीन टीमें लगाई गई हैं।