लालगंज के रामपुर बावली में तीन दुकानों में चोरी के बाद व्यापारियों द्वारा लगाये गये जाम के दौरान
- फोटो : PRATAPGARH
रामपुर बावाली में बेखौफ चोरों ने दो दुकानों व एक मकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। सूचना के बाद भी देर से पहुंचने पर आक्रोशित व्यापारियों ने जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद लौट गई।
लालगंज कोतवाली के रामपुर बावली में शनिवार की रात चोर सेंध लगाकर प्रदीप कौशल की हार्डवेयर की दुकान में घुस गए। चोर दुकान से आठ हजार रुपये व कीमती सामान समेटकर भाग निकले। बाजार के ही अहमद अली के कपड़े की दुकान से 35 हजार रुपये व दो लाख के कपड़े भी ले गए। बदमाशों ने रज्जब अली के घर में भी सेंध लगाई।
वहां से चोर 40 हजार रुपये और तीन लाख के जेवरात व कीमती सामान चोरी कर भाग निकले। घर के लोग दूसरे कमरे में सोते रहे। रविवार की सुबह लोगों को चोरी की जानकारी हो सकी। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, लेकिन पुलिस तीन घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। इससे आक्रोशित व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रामपुर बावली चौराहे पर जाम लगा दिया। व्यापारी पुलिस की पिकेट न होने पर नाराजगी जता रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब आधे घंटे बाद आक्रोशित लोगों को समझाबुझाकर जाम समाप्त कराया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष राजू सिंह ने चेताया कि घटना का खुलासा जल्द न हुआ तो व्यापारी फिर से आंदोलन करेंगे।
अंधेरा होते ही नदारद हो जाती है पुलिस
लालगंज कोतवाली की रामपुर बावली बाजार के आसपास आए दिन घटनाएं होती रहती हैं। दिन में पुलिसकर्मी दिखाई देते हैं, लेकिन अंधेरा होते ही गायब हो जाते हैं। जबकि बड़ी बाजार होने के नाते रात में पुलिस पिकेट की मांग लगातार होती रही है। लोगों का आरोप है कि रात में पुलिस गश्त भी नहीं करती।