नगर में एक किराना व्यापारी के गोदाम में एसडीएम की छापेमारी में लाखों की मिलावटी मिठाई बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान अफसरों व व्यापारियों में नोकझोंक भी हुई। भारी मात्रा में मिलावटी मिठाई मिलने पर एसडीएम ने गोदाम को सील कर दिया। बगल स्थित एक मैरिज हाल में भी दुकानदार ने भारी मात्रा में माल डंप किया था। जिला अभिहित अधिकारी को मामले की जांच सौंपते हुए मिलावटी मिठाई का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। एसडीएम की छापेमारी के दौरान आधी रात तक हड़कंप मचा रहा।
लालगंज नगर में तहसील रोड पर मिथिलेश कुमार ने कबीर ट्रेडर्स के नाम से किराने की दुकान खोल रखी है। शनिवार की रात नौ बजे किसी ने एसडीएम विनीत उपाध्याय को दुकान के सामने स्थित गोदाम व मैरिज हाल में मिलावटी मिठाई रखी होने की सूचना दी। इस पर एसडीएम ने नायब तहसीलदार बृजमोहन शुक्ल के साथ मिथिलेश की दुकान के सामने स्थित एक घर में बनी गोदाम पर छापा मारा। एसडीएम ने गोदाम को ताला खोलने को कहा तो दुकानदार आनाकानी करने लगा। डांट लगाने पर उसने गोदाम का ताला खोला। गोदाम में भारी मात्रा में मिलावटी रसगुल्ला, बर्फी, मिल्क केक, कलाकंद आदि मिठाइयां मिलीं।
एसडीएम के निर्देश पर राजस्वकर्मियों ने गोदाम को सील कर दिया। इस दौरान दौरान व्यापारियों व अफसरों में नोकझोंक भी हुई। गोदाम को सील करने के बाद एसडीएम ने बगल में बने एक मैरिजहाल में छापेमारी की। यहां भी भारी मात्रा में मिलावटी मिठाइयां मिलीं। गोदाम व मैरिज हाल में डंप की गई मिलावटी मिठाइयों का सैंपल लेकर एसडीएम ने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजते हुए जिला अभिहित अधिकारी को जांच करने के लिए कहा है। छापेमारी की प्रक्रिया रात 12 बजे तक चलती रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों जगहों पर बरामद मिलावटी मिठाइयों की कीमत लाखों में है। तहसील प्रशासन की छापेमारी से नगर में आधी रात तक हड़कंप मचा रहा।
मिलावटी मिठाई डंप होने की सूचना पर छापेमारी की गई है। दोनों जगहों से मिली मिठाइयों का सैंपल प्रयोगशाला के लिए भेजा जा रहा है। अभिहित अधिकारी को सील की गई मिठाइयों की जांच के लिए कहा गया है। जांच में नकली मिठाई की पुष्टि हुई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विनीत उपाध्याय, उपजिलाधिकारी, लालगंज
बेखौफ दुकानदार ट्रक पर लाद ले गया जब्त मिठाइयां
एसडीएम की छापेमारी में गोदाम व मैरिज हाल से लाखों की मिलावटी मिठाइयां बरामद हुईं। आधी रात तक चली कार्रवाई के दौरान मिलावटी मिठाइयों से भरी गोदाम को सील कर दिया गया। लेकिन मैरिज हाल के बरामदे में दरवाजा नहीं होने के चलते मिठाइयों को सील नहीं किया जा सका। एसडीएम व नायब तहसीलदार के जातेे ही मिलावटी मिठाई डंप करने वाले दुकानदार ने पूरी कार्रवाई की हवा निकाल दी। भोर होते ही दुकानदार ट्रक लेकर पहुंचा और मैरिज हाल में डंप की गई मिलावटी मिठाइयों को उठा ले गया।
नेताजी से मोबाइल पर बात करने से एसडीएम ने किया इनकार
छापेमारी के दौरान दुकानदार व उसके परिजनों ने एसडीएम को दबाव में लेने का प्रयास किया। दुकानदार ने सत्ता पक्ष के एक प्रभावशाली नेता के मोबाइल पर फोन मिला दिया। दुकानदार एसडीएम विनीत उपाध्याय के पास पहुंचा और सत्ताधारी पार्टी के नेता से बात कराने के लिए मोबाइल उनकी तरफ बढ़ा दिया। लेकिन एसडीएम ने किसी दूसरे के निजी फोन पर किसी से भी बात करने से इनकार कर दिया। फोन कटने के बाद दुकानदार को नायब तहसीलदार ने फटकार भी लगाई।
छापेमारी के दौरान नहीं टूटी पुलिस कर्मियों की नींद
नगर की जिस दुकान पर एसडीएम व नायब तहसीलदार की टीम छापेमारी कर रही थी, वहां से सिर्फ 50 मीटर की दूरी पर कोतवाली है। दस बजे कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर मजमा लग गया। लेकिन चंद कदम की दूरी पर स्थित कोतवाली में कोतवाल समेत पुलिसकर्मी चैन की नींद सोते रहे। एसडीएम की कार्रवाई के दौरान कोई नहीं पहुंचा। यहां तक की डायल हंड्रेड व पिकेट में लगी पुलिस ने भी मौके पर जाना जरूरी नहीं समझा। रात दस बजे शुरू हुई छापेमारी दो घंटे तक चली, लेकिन कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा।
लालगंज में मिठाई की दुकान में सील किया गया सामान।- फोटो : PRATAPGARH