महेशगंज के सराय स्वामी गांव में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए बुलाई गई जेसीबी।
- फोटो : PRATAPGARH
हादसे में घायल अधेड़ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। बाघराय थाना क्षेत्र के फकीर का पुरवा रामदास पट्टी गांव निवासी बाबूलाल सरोज (47) पुत्र सुम्मारी 19 सितंबर की शाम को बिहार बाजार में मछली खरीदने गया था। लौटते समय बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। जानकारी पर पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए प्राची नर्सिंगहोम प्रयागराज ले गए। रविवार की सुबह इलाज के दौरान बाबूलाल सरोज की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर परिजनों में चीखपुकार मच गई।
आवासीय पट्टे की जमीन से हटवाया अतिक्रमण
पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पट्टे की जमीन से अतिक्रमण हटवाकर पट्टाधारकों को कब्जा दिलाया। महेशगंज थाना क्षेत्र के सराय स्वामी गांव निवासी अनिल कुमार पुत्र शोभनाथ, ऊषा देवी पत्नी रजनीश और उर्मिला पत्नी विनोद कुमार को गाटा संख्या 374 पर आवासीय पट्टा दिया गया था।
इस पर पट्टाधारकों ने नींव भी भरवा दी थी, लेकिन पड़ोस के ही रामदुलारे, रामपियारे, केदारनाथ, सुखलाल, कितिन पुत्र भगौती सरोज सहित इनके परिवार के लोगों ने अतिक्रमण कर कब्जा कर लिया। उस जमीन पर चरही और दीवार आदि बना ली।
पीड़ितों ने इस मामले की शिकायत कई बार पुलिस और राजस्व अधिकारियों से की। एसडीएम के आदेश पर रविवार को नायब तहसीलदार बृजमोहन शुक्ला राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटवाकर पट्टाधारकों को कब्जा दिलाया। इस दौरान महेशगंज, जेठवारा और बाघराय की फोर्स मौजूद रही। नायब तहसीलदार बृजमोहन शुक्ला का कहना है कि पट्टे की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों ने सरकारी जमीन पर भी कब्जा किया है। लेखपाल से सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के लिए कहा गया है।