सदर विधायक राजेंद्र मौर्य को ज्ञापन सौंपते अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के लोग। व्यापारी
यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) की सीमा में संशोधन की मांग को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने शनिवार को सदर विधायक राजेंद्र मौर्य को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले जेल रोड स्थित निजी प्रतिष्ठान में संगठन की कोर इकाई की बैठक हुई। इसमें व्यापारियों पर पड़ने वाले संभावित अतिरिक्त वित्तीय भार पर चर्चा की गई।
व्यापार मंडल ने मांग की है कि यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर लागू करने की न्यूनतम सीमा 10 हजार रुपये की जाए। साथ ही मासिक अधिकतम एमडीआर सीमा एक लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने का सुझाव दिया गया।
जिलाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि यूपीआई व्यापारियों और उपभोक्ताओं के लिए भुगतान का प्रमुख माध्यम बन चुका है। एमडीआर का अतिरिक्त भार बढ़ने से व्यापारियों को परेशानी होगी।
बैठक के बाद व्यापारी चिलबिला स्थित सदर विधायक के कार्यालय पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिला महामंत्री अर्पित खंडेलवाल, मनोज केसरवानी, अनिल गोयल, राहुल गुप्ता, बृजेश केसरवानी, मनोज केसवानी, जवाहर लाल उमरवैश्य, राजेश केसरवानी और मनीष गुप्ता मौजूद रहे।