प्रतापगढ़। नए साल में राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय की कई व्यवस्थाओं में परिवर्तन हो जाएगा। एम्स की तर्ज पर मेडिकल कॉलेज का चिकित्सकीय सुुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नए वार्ड में ओपीडी का संचालन होगा। वहीं घर बैठे मरीज एक रुपये का पर्चा भी बनवा सकेंगे। कॉलेज प्रशासन इसकी तैयारी में जुटा हुआ है।
डॉ. सोने लाल पटेल मेडिकल कॉलेज के राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में वर्ष 2023 में बहुत कुछ बदलने जा रहा है। जर्जर भवन में संचालित ओपीडी और सर्जिकल के साथ मेडिकल वार्ड को जहां नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा। नए साल में मरीज घर बैठे ही डॉक्टर को दिखाने के लिए ओपीडी का पर्चा बनवा सकेंगे। मरीज व उनके तीमारदारों को पर्चा बनवाने के लिए लाइन नहीं लगानी होगी।
सबकुछ अब ऑनलाइन करने की तैयारी है। मरीजों के साथ तीमारदारों की सहूलियत के लिए छह मंजिला बने नए भवन में तीन लिफ्ट भी लगाई जा रही हैं। एक लिफ्ट मरीज तो दूसरी चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए होगी। तीसरी लिफ्ट से हर कोई ओपीडी से लेकर वार्ड तक पहुंच सकेगा। इससे मरीजों को काफी सहूलियत बढ़ने की उम्मीद है।
पर्चा लेने के लिए लगेगा आधार कार्ड
मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने के लिए आने वाले मरीजों को एक रुपये का पर्चा लेने के लिए अब आधार कार्ड भी साथ में लेकर चलना होगा। पर्चा बनवाते समय आधार कार्ड काउंटर पर जमा करना होगा। ऑनलाइन पर्चा लेते समय आधार कार्ड की छाया प्रति जमा करनी होगी।
तीमारदारों को बनवाना होगा गेट पास
मरीज के साथ आने वाले तीमारदारों को अपना गेट पास बनवाना पड़ेगा। बगैर गेट पास किसी को वार्ड में इंट्री नहीं मिलेगी। एक मरीज के साथ महज एक ही तीमारदार रह सकेंगे। हालांकि अभी गेट पास के लिए किसी प्रकार का शुल्क तय नहीं है, मगर यह माना जा रहा है कि गेट पास के नाम पर कुछ न कुछ शुल्क जरूर लगाया जाएगा।
वर्ष 2023 में मेडिकल कॉलेज में बहुत कुछ बदलाव होगा। ऑनलाइन पर्चा बनेगा। नए भवन में ओपीडी सेवा शुरू होगी। मरीजों के साथ एक ही तीमारदार के रुकने की व्यवस्था होगी।
डॉ. आर्यदेश दीपक, प्रधानाचार्य।