लालगंज। फर्जीवाड़ा कर तालाब की जमीन अपने नाम कराने वाले छह लोगों को बेदखल करते हुए तहसील प्रशासन ने अवैध कब्जा हटवा दिया। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस की जांच में आरोप सही पाया गया। एसडीएम के निर्देश पर अधीनस्थों ने फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
लालगंज तहसील क्षेत्र के रायपुर तियाईं में तालाब के नाम दर्ज जमीन को फर्जीवाड़ा कर छह लोगों ने अपने नाम दर्ज करा लिया। इसकी जानकारी होने पर वकील दीपेंद्र कुमार तिवारी समेत तमाम ग्रामीणों ने मंडलायुक्त को पत्र भेजकर जांच कराए जाने की मांग की थी। मंडलायुक्त के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने नायब तहसीलदार सुशील कुमार से मामले की जांच कराई। जांच में सामने आया कि रायपुर तियाईं में तालाब के नाम दर्ज जमीन को फर्जीवाड़ा करते हुए गुलाबचंद्र, श्याम बहादुर सिंह, हनीफ, संतोष कुमार, चंद्रावती व रामचंद्र आदि ने अपने नाम करा लिया था। पुरानी खतौनी में जमीन तालाब के नाम दर्ज मिली।
नायब तहसीलदार ने अपनी रिपोर्ट तहसीलदार ओम प्रकाश पांडेय को सौंप दी। जिसे तहसीलदार ने अग्रसारित करते हुए एसडीएम के माध्यम से अफसरों को भेजी जाएगी। अवैध कब्जा हटवाते हुए तहसील प्रशासन ने जमीन को फिर से तालाब के नाम दर्ज करा दिया। कब्जाधारकों को नोटिस भेजी जा रही है। इसके बाद उनके खिलाफ अभिलेखों में हेरफेर करने के आरोप में कार्रवाई भी होगी।