पट्टी। किशोरी को झांसे में लेकर बेचने के लिए ले जा रहे एक अधेड़ को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने किशोरी को परिजनों के हवाले कर दिया।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक 14 वर्षीय लड़की को मंगलवार शाम पड़ोसी गांव का रहने वाला एक अधेड़ फुसलाकर ले गया। बताया गया कि अधेड़ किशोरी को अपने साथ ले जाने के बाद दूसरे के हाथ बेच देगा। परिवार के लोगों ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस अपने स्तर से घेराबंदी के साथ ही खोजबीन शुरू कर दी। बुधवार को कस्बे के बस अड्डे पर किशोरी व आरोपी बस में सवार थे। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस बस अड्डे पहुंची और दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने किशोरी के परिजनों को इसकी जानकारी दी। पुलिस आरोपी से किशोरी को झांसा देकर ले जाने के मकसद के बारे में पूछताछ कर रही है। परिवार के लोगों का आरोप था कि अधेड़ उसे दूसरे के हाथ बेचने के लिए ले जा रहा था। पट्टी कोतवाल ने बताया कि किशोरी के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। केवल वे आरोप लगा रहे हैं। फिर भी मामले की जांच की जा रही है।