वाराणसी- लखनऊ राजमार्ग पर चोरी कर मवेशी लेकर जा रहे चोरों की स्कार्पियो का टॉयर फट गया। चोरों ने पुलिस चौकी के करीब वाहन रोक दिया। गश्त से लौटी पुलिस को शंका हुई तो वाहन सवार चोर भाग निकले। पुलिस ने स्कार्पियो से दो भैंस एक बकरी बरामद कर छानबीन शुरू कर दी।
लीलापुर पुलिस चौकी के करीब रविवार की देर रात गुजरात की नंबर की स्कार्पियो का टायर फट गया। चालक टायर बदलने लगा। पुलिस चौकी से चंद कदम दूर हाईवे पर टायर बदल रहे चालक पर गश्त कर लौटे पुलिसकर्मियों की नजर पड़ी। वे चालक को टोकने के बाद आगे बढ़ गए। पुलिस को देखने के बाद टायर बदल रहा चालक व उसके साथी अंधेरे में भाग निकले। कोई हलचल होती न देख पुलिसकर्मी फिर स्कार्पियो के पास लौटे। देखा तो भीतर दो भैंस व एक बकरी लदी थी। गेट बंद था और खिड़की का शीशा भी चढ़ा हुआ था। पुलिसकर्मी चोरों की तलाश में इधर उधर भागे लेकिन वे नहीं मिले। पुलिस ने वाहन और मवेशियों को कब्जे में ले लिया। पुलिस वाहन के बारे में जानकारी जुटा रही है। आशंका जताई जा रही है कि स्कार्पियो भी चोरी की हो सकती है। फिलहाल मवेशी चोरों ने ग्रामीणों की नाक में दम कर रखा है। मवेशी चुराने में लग्जरी वाहनों का अभी तक प्रयोग नहीं होता था। जिससे पुलिस या ग्रामीणों को शक नहीं होता था। अब पशु तस्करों व मवेशी चोरों ने पुलिस से बचने के लिए लग्जरी वाहनों का प्रयोग करना शुरू कर दिया है। लालगंज कोतवाल ने बताया कि मवेशी कहीं से चुराकर चोर ले जा रहे थे। उन्हे पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।