पट्टी इलाके के रहने वाले एक युवक को दिल्ली में एटीएस ने उठा लिया। उस पर आतंकी संगठन आईएसआईएस के संपर्क में होने का शक है। उसके साथ सुल्तानपुर जिले का उसका दोस्त भी पकड़ा गया है। दोनों के पास से करोड़ों रुपये भी मिलने की चर्चा है। हालांकि इसकी पुष्टि अधिकारी नहीं कर रहे हैं, लेकिन सोमवार को दिनभर यह खबर चर्चा में रहने के बाद खुफिया एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। उनके अफसर जिले में सक्रिय हो गए हैं। इससे संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
चर्चाओं के मुताबिक, पट्टी कोतवाली क्षेत्र के एका गांव का रहने वाले एक युवक को दिल्ली में एटीएस की टीम ने आईएसआईएस से जुड़ा रहने के शक में रविवार को उठा लिया। उसके पकडे़ जाने का हल्ला सोमवार को पूरे क्षेत्र में मचा रहा। हर कोई उसके खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर चर्चा करता रहा। हालांकि खुलकर कोई नहीं बोल रहा था। चर्चाओं पर यकीन करें तो उसके साथ सुलतानपुर का रहने उसका दोस्त भी पकड़ा गया है। उनके पास से करोड़ों रुपये मिले हैं। जिसके बारे में एटीएस की टीम छानबीन कर रही है। दोनों के ऊपर आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े होने का आरोप है। सेामवार को दिनभर यह मामला सोशल मीडिया में चलने और लोगों के बीच हो रही चर्चा के बाद जिले में खुफिया एजेंसिया भी सक्रिय हो गई हैं। उधर, गांव के प्रधान ने बताया कि इस तरह की जानकारी उन्हें भी गांव के लोगों से मिल रही है।
युवक का पिता घर पर ही रहता है, लेकिन जिस युवक को पकडे़ जाने की चर्चा है वह काफी दिनों से गांव में नहीं दिखा। कई साल पहले वह सब्जी की दुकान लगाता था। चार साल पहले वह सब्जी की दुकान छोड़कर कमाने के लिए बाहर चला गया। इसके बाद से उसका घर आना ही बंद हो गया। उस समय परिवार की माली हालत ठीक नहीं थी, लेकिन अब परिवार के लोगों का रहन-सहन बदल गया है। उधर, पट्टी कोतवाल ऐसी किसी भी जानकारी से इनकार करते रहे। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि ऐसी किसी भी कार्रवाई की जानकारी नहीं है।