प्रतापगढ़। लालगंज ब्लाक प्रमुख रमेश प्रताप सिंह और गौरा ब्लाक प्रमुख पूर्णांशु ओझा के भाग्य का फैसला करने के लिए डीएम ने तिथियों का निर्धारण कर दिया है। 20 सितंबर को लालगंज और 22 सितंबर को गौरा ब्लाक में मतदान कराने के लिए संबंधित एसडीएम को पत्र लिखा है। हालांकि दोनों ब्लाकों के प्रमुख मतदान कराने का विरोध कर रहे थे, मगर डीएम के इस फैसले से उन्हें गहरा झटका लगा है।
बेलखरनाथधाम ब्लाक में ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास पारित होने के बाद लालगंज और गौरा ब्लाक प्रमुखों के भाग्य के फैसले के लिए तिथियां निश्चित की गई है। लालगंज में 20 सितंबर और 22 सितंबर को गौरा ब्लाक में एसडीएम की मौजूदगी में अविश्वास पर मतदान होगा। लालगंज ब्लाक के कैथौला के बीडीसी सदस्य और हार का सामना कर चुके सुरेंद्र सिंह की मांग पर डीएम ने एसडीएम लालगंज को नोडल अधिकारी नामित करते हुए अपनी मौजूदगी में मतदान कराने को कहा है। बता दें कि डीएम की अनुपस्थिति में लालगंज ब्लाक के 59 बीडीसी सदस्यों ने तत्कालीन प्रभारी डीएम और सीडीओ राजकमल यादव के सम्मुख शपथपत्र देकर प्रमुख के खिलाफ अविश्वास जताया था। ठीक दूसरे दिन ब्लाक प्रमुख रमेश प्रताप सिंह ने भी शक्ति प्रदर्शन करते हुए 42 बीडीसी के हस्ताक्षरित पत्र सीडीओ को सौंपा था। इधर गौरा ब्लाक के 62 बीडीसी ने एडीएम रामसिंह वर्मा के समक्ष प्रस्तुत कर शपथ पत्र दिया था। डीपीआरओ शशिकांत पांडेय ने बताया कि गौरा के 90 और लालगंज के 72 सदस्यों को सदन में मौजूद रहने के लिए पत्र भेजा जा रहा है।