प्रतापगढ़। बाराबंकी के कुख्यात दुर्गेश गैंग के सदस्य और जानलेवा हमले के आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए शुक्रवार को बाराबंकी की पुलिस प्रतापगढ़ आ धमकी। यहां से कोतवाली और कोहड़ौर पुलिस को साथ लेकर गोड़े गांव में छापामारी की। आरोपी को पकडने के लिए पूरे गांव में किलेबंदी कर दी गई। करीब पांच घंटे बाद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। चर्चा रही कि इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग की गई। पुलिस ने इनकार किया।
नगर कोतवाली के गोड़े गांव निवासी लल्लू बाराबंकी के दुर्गेश गैंग का शातिर अपराधी है। पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले उसने बाराबंकी में एक युवक को गोली मार दी। घटना के बाद पुलिस ने लल्लू के साथी को दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर बाराबंकी पुलिस शुक्रवार सुबह प्रतापगढ़ पहुंची। यहां से सीओ सिटी व कोहड़ौर के साथ कोतवाली पुलिस को साथ में लेकर गोड़े गांव में छापा मारा। पुलिस ने गांव को चारों तरफ से घेर लिया। पांच घंटे तक पुलिस गांव में घूमती रही। देर शाम लल्लू को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली। पुलिस उसे लेकर बाराबंकी चली गई। प्रभारी नगर कोतवाल ने बताया कि फायरिंग की बात गलत है। आरोपी को छापेमारी कर पकड़ा गया। उसके पास से मिली बाइक से प्रतापगढ़ में भी लूट और छिनैती की कई वारदातों को अंजाम दिया गया है। प्रतापगढ़ पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।