संदिग्ध दशा में विवाहिता का शव घर के भीतर फंदे पर लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
लालगंज कोतवाली के देल्हूपुर गांव की रहने वाली 35 वर्षीय पत्नी रीता का शव रविवार की देर रात कमरे के अंदर फंदे पर झूलता मिला। जानकारी होने पर परिजन दंग रह गए। परिजनों ने घटना को आत्महत्या बताते हुए स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर रानीगंज कैथौला चौकी प्रभारी विवेक यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। छानबीन के बाद पुलिस ने सोमवार को शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।
मृतका का पति धर्मेंद्र कामकाज के सिलसिले में मुंबई में रहता है। वहीं विवाहिता की मौत के बाद छह वर्षीय बेटे के सिर से मां का साया भी उठ गया। रायबरेली जिले के ऊंचाहार थाना के भनेही से मृतका का भाई राकेश कुमार कोतवाली पहुंचकर ससुराली जनों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर का परीक्षण करने के बाद एफआईआर दर्ज किया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई होगी।