संदिग्ध दशा में विवाहिता की मौत
- भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, पुलिस से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
लालगंज। संदिग्ध दशा में महिला की मौत को लेकर पति समेत ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की गयी है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कहीं है। कौशाम्बी जिले के करारी थाना के सैबसा गांव निवासी अधिवक्ता अंसार अली ने लालगंज पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि दस वर्ष पूर्व उसकी बहन जरीना बानो का विवाह बट्टन उर्फ चांद निवासी रामपुर बावली लालगंज से हुआ था। नेहाल पत्नी जरीना के साथ रायबरेली जिले के सलोन थाना के करहिया बाजार में रहता था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर पति नेहाल ससुरालीजनों के साथ मिलकर जरीना बानो को प्रताड़ित करता था। बीती 15 अप्रैल को भी दहेज की मांग को लेकर उसे जान से मारने की धमकी दी गयी। 28 अप्रैल को आरोपियों ने उसकी बहन की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को करहिया बाजार से लेकर परिजन रामपुर बावली आ गए। ग्रामीणों ने फोन से मृतका के भाई को जानकारी दी तो वह भागकर रामपुर बावली पहुंचा। भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई ने पति समेत ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है। कोतवाल कमलेश पाल का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर औपचारिकताएं पूरी की जा रहीं हैं।
दरोगा पर मारपीट का आरोप, एसपी से शिकायत
लालगंज। पूरे गनेश भदारी निवासी सुनील यादव ने एसपी को भेजे शिकायती प्रार्थना पत्र में कहा है कि 27 अप्रैल को पड़ोसी से विवाद में उसकी बहन के साथ मारपीट की गई। अगले दिन उसकी बहन तहरीर देने कोतवाली गयी थी। आरोप है कि यहां कोतवाली में तैनात एक दरोगा ने उसको भी कोतवाली बुलाया और गाली देते हुए उसे मारापीटा। मामले में पीड़ित ने आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एसपी से गुहार लगाई है। संवाद
जमीनी विवाद में मारपीट में सात पर केस दर्ज
घुइसरनाथ धाम। रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट में शनिवार को सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सांगीपुर थाना क्षेत्र के खिचरन का पुरवा, सराय तिहयत गांव निवासी राजेंद्र का आरोप है कि रास्ते के विवाद को लेकर गांव के अजय, राममिलन, फूलचंद, कड़ेडीन ,रीता, सुमन व प्रिंस ने घर में घुसकर उसको मारापीटा। बीच-बचाव के लिए आई पत्नी व बेटी को भी मारापीटा गया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। संवाद