हादीहाल के समीप लगी गर्म कपड़ों की दुकान पर जुटे ग्राहक। संवाद
मौसम में ठंडक का अहसास होते ही शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक गर्म कपड़ों का बाजार सज गया है। मीराभवन, अंबेडकर चौराहा, जीआईसी के सामने और आर्यसमाज मंदिर समेत कई प्रमुख स्थानों पर दुकानें लग गई हैं। दुकानदारों ने भी सर्दी से निपटने के लिए आकर्षक वैरायटी के स्वेटर, जैकेट, टोपी, मफलर और इनर का स्टॉक सजा दिया है। फुटपाथों पर भी गर्म कपड़ों की दुकानें ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।
बाजार में बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक के लिए अलग-अलग डिजाइन के कपड़े उपलब्ध हैं। छोटे बच्चों के लिए रंग-बिरंगे स्वेटर और जैकेट पसंद किए जा रहे हैं। युवाओं में गर्म टी-शर्ट और जैकेट की मांग है तो महिलाएं स्वेटर खरीद रही हैं। युवतियां भी नए डिजाइन की जैकेट पसंद कर रही हैं।
दुकानदार दीपक उमरवैश्य ने बताया कि इस बार जैकेट और स्वेटर की आकर्षक वैरायटी मंगाई गई है। ब्रांडेड जैकेट और स्वेटर दो हजार से आठ हजार रुपये तक उपलब्ध हैं। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।
व्यापारी रोमी गुप्ता ने बताया कि ठंड बढ़ने से गर्म कपड़ों की खरीदारी शुरू हो गई है। इनर, मफलर, टोपी, स्वेटर और जैकेट का स्टॉक 15 दिन पहले ही मंगा लिया गया था। ब्रांडेड इनर 250 से 700 रुपये, मफलर 100 से 300 रुपये और टोपी 50 से 200 रुपये तक उपलब्ध है। साधारण जैकेट 500 से एक हजार रुपये तक बिक रही है।