सौभाग्य और समृद्धि के प्रतीक अक्षय तृतीय पर्व पर रविवार को सर्राफ बाजार गुलजार रहा। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही।
पर्व को लेकर व्यापारियों ने शनिवार को ही दुकान की साज-सज्जा की थी। रविवार सुबह करीब 10 बजे दुकान खुलते ही खरीदारों की भीड़ पहुंचने लगी। इसमें भी महिलाओं की संख्या अधिक रही। रविवार को पंजाबी मार्केट, श्याम बिहारी गली, भरत चौक, बाबागंज बाजार में चहल-पहल अधिक रही। लोगों ने आभूषणों की खरीदारी की।
पट्टी की रेनू सिंह ने बताया कि बाजार में सोने का भाव 2500 रुपये कम हुआ है। भांजी की सगाई के होने पर अक्षय तृतीय पर सोने और चांदी के आभूषण की खरीदारी की। उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र केसरवानी ने बताया कि अक्षय तृतीया पर जिलेभर में करीब आठ से 10 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।
सराफा कारोबारी प्रहलाद खंडेलवाल ने बताया कि आभूषणों की बिक्री हुई है, लेकिन लोगों ने हल्के वजन के आभूषणों की खरीदारी अधिक की। हीरा जड़ित स्वर्ण आभूषण लोगों की पहली पसंद रही।
कोलकाता के हार ने लुभाया
सराफा बाजार कोलकाता के हार ने महिलाओं को खूब लुभाया। 18 से 20 ग्राम के कोलकाता हार की कीमत तकरीबन साढ़े तीन लाख रुपये रही। बेटियों की शादी के लिए लोगों ने कोलकाता हार की खरीदारी गई। जयपुरिया और मुंबई की ज्वेलरी ने भी बाजार में धूम मचाया।