दुकान पर रखा करवा व डिजाइनर थाली। संवाद
करवा चौथ का पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजारों में खरीदारी ने रफ्तार पकड़ ली है। व्रत और पूजन की तैयारियों में जुटी महिलाएं करवा, पूजा की थाली समेत अन्य सामग्री खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंच रही हैं।
बाजार में मुंबई से आए चांदी के करवे, मेरठ के पीतल के करवे और स्थानीय कुम्हारों के बनाए मिट्टी के करवे सज गए हैं। वहीं दिल्ली से आई स्टील की डिजाइनर थालियां भी महिलाओं को आकर्षित कर रही हैं। महिलाएं अपने बजट के अनुसार खरीदारी कर रही हैं।
शहर के पंजाबी मार्केट, कचहरी के बगल, मीराभवन, बाबागंज और चिलबिला समेत ग्रामीण बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। सराफा दुकानदार आशीष केसरवानी ने बताया कि मुंबई से आए चांदी के करवे और पूजा की थालियों की मांग बनी हुई है।
चांदी के करवे 20 हजार से 60 हजार रुपये तक में उपलब्ध हैं, जबकि चांदी की पूजा की थाली की कीमत 20 हजार से 25 हजार रुपये तक है।दुकानदार प्रदीप गुप्ता ने बताया कि मेरठ से आए पीतल के करवे 300 से 700 रुपये तक में बिक रहे हैं।
इन पर नक्काशी के साथ रंग-बिरंगी कारीगरी की गई है। वहीं दिल्ली से आई स्टील की डिजाइनर पूजा की थालियां भी महिलाओं को काफी पसंद आ रही हैं। इनकी कीमत 200 से 300 रुपये तक है।
दुकानदार मनीष गुप्ता ने बताया कि स्थानीय कुम्हारों के बनाए मिट्टी के करवे 40 से 150 रुपये तक में उपलब्ध हैं। परंपरा से जुड़े मिट्टी के करवे के साथ पीतल के करवे की भी मांग है। पर्व को लेकर बढ़ती खरीदारी से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं।
दुकान पर रखा करवा व डिजाइनर थाली। संवाद