फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pratapgarh News: धनतेरस पर चमका बाजार, एक अरब का कारोबार

Fri, 10 Nov 2023 09:53 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
धनतेरस पर शुक्रवार को बाजार ग्राहकों से गुलजार रहे। जमकर खरीदारी हुई। किसी ने बाइक तो किसी ने कार खरीदी। बर्तन, सराफा और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में देर रात तक भीड़ उमड़ी। सोने के जेवर और चांदी के सिक्कों की भी खूब बिक्री हुई।
विज्ञापन

बीते वर्ष की तुलना में बाजारों में डेढ़ गुना धन वर्षा हुई। जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष मंजीत सिंह छाबड़ा के मुताबिक देर रात तक शहर से लेकर गांव तक के बाजारों में तकरीबन एक अरब से ज्यादा का कारोबार हुआ। त्योहार के लिए बाजार दुल्हन की तरह सजे।
शुक्रवार को सामान्य दिनों की तुलना में बाजार जल्दी खुले और लोगों का जुटना शुरू होने लगा था। बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में जबरदस्त भीड़ उमड़ी। अंबेडकर चौराहा, चौक, श्रीराम तिराहे, बाबागंज, भंगवा चुंगी, चिलबिला और महुली मार्केट में पैर रखने तक की जगह नहीं दिखी।
विज्ञापन

चौक स्थित सराफा बाजार में भी जमकर खरीदारी हुई। लोगों ने बजट के हिसाब से चांदी, सोने की ज्वेलरी और सिक्के खरीदे। इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो मोबाइल, कपड़े, सजावटी सामान की दुकानों पर भी धनवर्षा हुई। महिलाओं ने सोने-चांदी की गहने खरीदे।
कई लोगों ने पूजन के लिए चांदी के गणेश और लक्ष्मी की मूर्तियां खरीदीं। दोपहिया और चौपहिया वाहनों की भी बिक्री हुई।
धनतेरस पर लोगों ने बर्तन, एलईडी टीवी, फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन, स्मार्ट फोन, लैपटॉप, कंप्यूटर, फर्नीचर की खरीदारी की। रात तक इन उत्पादों के शोरूम में भीड़ थी। देर रात तक ग्राहकों ने खरीदारी के अलावा बीते दिनों कराइ्र गई बुकिंग की डिलिवरी ली। म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार में भी निवेश हुआ।

80 से 120 रुपये तक बिकी झाड़ू
धनतेरस पर झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है। इस दिन झाड़ू खरीदने की परंपरा की वजह से बांस और फूल की झाड़ू की खूब बिक्री हुई। फूल झाड़ू 120 रूपये जबकि बांस वाली झाड़ू 60 से 80 रुपये तक में बिकी।

गिफ्ट्स पैक और मिठाई की रही मांग
दीपावली पर अपनों को गिफ्ट देने का चलन भी बढ़ा है। ड्राई फ्रूटस और पैक रसगुल्ले व सोन पापड़ी की जबरदस्त मांग रही। काजू, किशमिश, खूबानी, पिस्ता, बादाम और सूखे सेब वाले हर साइज के पैकेट भी खूब बिके।

पटाखों की सज गईं दुकानें
दीपावली पर पटाखा बिक्री के लिए दुकानें सज गई है। शहर स्थित केपी कॉलेज मैदान के साथ भैरोपुर बस अड्डे के अलावा अन्य स्थानों पर पटाखों की दुकानें लग गई हैं। बाजार के सजते ही खरीदारी भी शुरू हो गई।

शहर में लगा लंबा जाम
धनतेरस पर शहर में चारों ओर जाम लगा रहा। ट्रैफिक ड्यूटी पर लगे पुलिसकर्मी को जाम देख पसीना छूट गया। पुलिसकर्मी जाम खोलवाने के लिए मशक्कत करते रहे। चौक, श्रीराम तिराहा, राजापाल चौराहा, अंबेडकर चौराहा, भंगवा चुंगी पर लंबा जाम लगा रहा। एंबुलेंस के साथ दमकल वाहनों को भी जाम का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें