धनतेरस पर सजा बाजार देखते ही देखते मानो लुट गया। शहर से गांव तक करोड़ों का कारोबार हुआ। एक दिन में ही चार हजार के करीब बाइक बिक गईं। शोरूम में कार कम पड़ गईं। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सराफा, बर्तन, टीवी, बाइक, कार खरीदने वालों की भीड़ लगी रही। देर रात तक ग्राहक दुकानों पर खरीदारी करते रहे। दुकानों पर इस कदर भीड़ थी कि दिनभर दुकानदारों को फुर्सत नहीं मिल सकी। शहर से लेकर गांव तक उत्सव का माहौल रहा। लोगों ने दिल खोलकर रुपये खर्च किए। ग्राहक भी मुहूर्त का इंतजार किए बगैर दुकानों पर खरीदारी करते रहे।
जिले में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बर्तन के बाद सबसे ज्यादा बाइक की खरीदारी हुई। एजेंसियों पर बाइक खरीदने वालों का सुबह से तांता लगा रहा। शहर और ग्रामीण इलाकों के सब डीलरों के पास ग्राहक मनपसंद बाइक खरीदते रहे। हीरो, टीवीएस और बजाज की एजेंसियों पर बाइक खरीदने वालों की भारी भीड़ रही। मंगलवार को बाइक खरीदने के लिए पहुंचने वाले बाइक का दाम जानने के बजाय सीधे खरीदने पर जोर दे रहे थे। हालांकि एजेंसियों ने ग्राहकों के लिए विशेष व्यवस्था कर रखी थी। शोरूम के बाहर भी बाइक खड़ी की गईं थी। हीरो और टीवीएस में एजेंसी संचालकों ने अधिकांश बाइक को पहले से ही फिटिंग करके रखा था। एजेंसी पर पहुंचने वाले ग्राहक को सिर्फ रुपये जमा करने और कागज की औपचारिकता पूरी करनी थी। हीरो में सबसे अधिक सुपर स्प्लेंडर तो बजाज में पल्सर, प्लेटीना और टीवीएस में स्टार सिटी का क्रेज रहा। जिले में टीवीएस की 1206, हीरो की 1236, बजाज की 1058, होंडा की 458, टाटा की 12 और मारुति की 14 कारों की बिक्री हुई। बाइक और कार के अलावा ई-रिक्शा और ऑटो की एजेंसियों पर भी भीड़ रही। जिले में ई-रिक्शा के 12 एजेंसियों से 256 वाहन बिके हैं, जबकि 49 ऑटो की भी बिक्री हुई है।