जिले के पहले ट्रामा सेंटर का निर्माण निर्धारित अवधि के छह माह बाद भी पूरा नहीं हो सका। शासन की ओर मिली पहली किश्त का सारा पैसा खर्च हो चुका है। ट्रामा सेंटर का भवन तो खड़ा हो गया, लेकिन खिड़की, दरवाजा, फर्श व वायरिंग का काम अभी शुरू तक नहीं हो सका। दूसरी किश्त के रूप में आधी से अधिक धनराशि शासन रिलीज नहीं कर रहा है। जिससे साल भर के भीतर ट्रांमा सेंटर के चालू होने का सपना फिलहाल साकार नहीं हो पाया।
ट्रामा एंड मास कैजुएलिटी प्रबंधन योजनांतर्गत जिले के पहले ट्रामा सेंटर की सौगात रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र को मिली थी। ट्रामा सेंटर के निर्माण के लिए शासन ने कुल एक करोड़ 69 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की। पहली किश्त के रूप में 80 लाख रुपये जारी किए गए। इसके बाद 20 मार्च 2016 को लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पािरसर में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना व पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह ने धूमधाम ने समारोहपूर्वक जिले के पहले ट्रामा सेंटर की आधारशिला रखी। राज्यसभा सदस्य व स्थानीय विधायक की देखरेख में कार्यदायी संस्था द्वारा भवन का निर्माण भी शुरू कर दिया गया, लेकिन बाद में ट्रामा सेंटर के निर्माण पर ग्रहण लगना शुरू हो गया। पहलीे किश्त से लालगंज के ट्रामा सेंटर का भवन तो खड़ा हो गया, लेकिन धन के अभाव में निर्माण की रफ्तार सुस्त हो गई। दूसरी किश्त के 89 लाख रुपये रिलीज नहीं होने से ट्रामा सेंटर के भवन की फर्श अधूरी है।