many important areas of city in containment zone. bounderies sealed
- फोटो : PRATAPGARH
कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होने से शहर के महत्वपूर्ण इलाके कंटेनमेंट जोन में आ गए हैं। कई मोहल्लों को हॉटस्पाट घोषित करते हुए सील कर दिया गया है। पल्टन बाजार, विवेक नगर और सीएमओ आवास के ढाई सौ मीटर परिधि का इलाका सील होने से महत्तपूर्ण विभागों में ताला लगा हुआ है। इससे शहरियों को जहां मुसीबत झेलनी पड़ रही है, वहीं दुकानें बंद होने से कारोबार ठप हो गया है।
शहर में तीन मरीजों के मिलने के बाद कई महत्वपूर्ण इलाके कंटेनमेंट जोन में आ गए हैं। पल्टन बाजार और सीएमओ आवास को पहले ही सील किया गया था, शनिवार को विवेक नगर मोहल्ले को भी सील कर दिया गया। सीएमओ आवास के ढाई सौ मीटर परिधि को सील करने से दीवानी न्यायालय, एसपी कार्यालय, पीडब्ल्यूडी कार्यालय, सिंचाई विभाग, जलनिगम को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इन कार्यालयों के सील होने से जिले की गतिविधियां ठप पड़ गई हैं। पल्टन बाजार सील होने से श्रम प्रवर्तन विभाग में ताला लगा हुआ है।
विवेकनगर मोहल्ले को एएनएम के पॉजिटिव मिलने पर सील कर दिया गया। विवेकनगर शहर का पॉश इलाका है। शनिवार की शाम मोहल्ले की गलियों को सील करके पुलिस की तैनाती करने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पल्टन बाजार और विवेक नगर बगल-बगल होने से सब्जी मंडी से कचहरी-भंगवाचुंगी रोड तक सील कर दिया गया है। इससे शहरियों की मुसीबत बढ़ गई है।
डीएम ने गाजी चौराहे से विकास भवन रोड को आवागमन के लिए खोलने का आदेश दिया था। मगर पुलिस ने अपनी सुविधा को देखते हुए पूरी सड़क पर बैरियर लगाकर सील कर दिया है। इससे कटरामेदनीगंज की ओर जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसपी ऑफिस कंटेनमेंट जोन की परिधि में है। कार्यालय के पहले ही बैरियर लगा हुआ है। अफसर तो नहीं आ रहे हैं, मगर कर्मचारियों का जमावड़ा रहता है। हालांकि दूर-दराज से आने वाले पीड़ित शिकायत बाक्स में अपना पत्र डालकर लौट जाते हैं।
many important areas of city in containment zone. bounderies sealed- फोटो : PRATAPGARH