खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
राम मंदिर चढ़ावा चोरी नकली सनातनियों का षड्यंत्र है। कार सेवकों पर गोली चलवाने वालों का हिसाब किया जाएगा। यह बातें रविवार को विकास भवन सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने कही।
कैबिनेट मंत्री कहा कि जिन्होंने पानी पी-पीकर भगवान राम को गाली और मां गंगा को नाला बताया। यहां तक कि रामचरित मानस भी जलवाया। यह सब गैर सनातनियों के षड्यंत्र का हिस्सा है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। विपक्षी पार्टी का नाम लिए बगैर कैबिनेट मंत्री लगातार हमलावर रहे। कहा कि आस्था पर चोट पहुंचाना नकली सनातनियों के कार्य का हिस्सा है।
ऐसा घृणित कार्य करने वालों का हिसाब जल्द होगा। एसआईटी गहनता से मामले की जांच कर रही है। कहा कि आस्था पर चोट कौन पहुंचता है, यह सभी जानते हैं। राम मंदिर से चढ़ावा चोरी करने से बड़ा पाप क्या होगा। ऐसे नकली सनातनियों का भी हिसाब जल्द ही किया जाएगा। यह सभी षड़यंत्र गैर सनातनियों के हैं, जो लोगों की आस्था को आहत कर रहे हैं।
डीएसओ को लगाई फटकार
राशन कार्ड में की जा रही अनियमितता पर नाराजगी जताते हुए कैबिनेट मंत्री ने डीएसओ अनुभव त्रिवेदी को फटकार लगाई। कहा कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिलना चाहिए।