दूसरी किस्त न मिलने से निर्माण कार्य ठप, कस्तूरबा गांधी आवास स्कूल के बगल में बन रहा था छात्रावास
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। जिले के मंगरौरा ब्लाक स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के बगल निर्मित छात्रावास का निर्माण पांच वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। विभाग का दावा है कि दूसरी किस्त का भुगतान नहीं होने से आवास का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मंगरौरा में अध्ययनरत बालिकाओं की सुविधा के लिए छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। पांच वर्ष पहले भवन निर्माण के लिए 1.57 करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे। पहली किस्त का भुगतान होते ही दो मंजिला छात्रावास का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया। ग्राउंड फ्लोर का निर्माण होने के बाद दूसरी मंजिल के लिए दीवार खड़ी की गई, मगर आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ।
आलम यह है कि पिलर खड़ा करने के लिए डाली गई सरिया में जंग लग रहा है तो ईंटों में काई पड़ गई है। छात्रावास का निर्माण नहीं होने से बालिकाओं की उम्मीदों पर पानी फिरता जा रहा है।
मंगरौरा ब्लाक में छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है। शासन से धनराशि की मांग की गई है, बजट मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
प्रदीप कुमार , डीसी निर्माण, बेसिक शिक्षा विभाग