वेतन भुगतान में अनियमितता सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग हड़कंप रहा। रविवार के दिन अवकाश होने के बाद भी बीएसए ने दोहरा वेतन लेने वाले शिक्षक को निलंबित कर दिया। वहीं वेतन बनाने वाले लिपिक के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की। दो खंड शिक्षाधिकारियों से मामले में जवाब भी मांगा है।
शिक्षामित्रों के समायोजन में अनुज पांडेय की तैनाती बाबागंज ब्लाक के रामनगर गांव में की गई थी। बताया गया कि बीएसए के औचक निरीक्षण में गायब मिलने पर शिक्षक को निलंबित कर दिया गया। उसके बाद उसकी तैनाती शिवगढ़ ब्लाक में की गई। पहले उसका खाता एसबीआई बैंक में था। निलंबन के बाद तैनाती होने पर उसने विभाग में खाते की जानकारी ग्रामीण बैंक लच्छीपुर की दी।
इस तरह दोनों ब्लाकों के बीईओ ने वेतन बिल विभाग में भेज दिया। बिना मिलान किए लिपिक ने भी वेतन जारी कर दिया। इस तरह शिक्षक के खाते में 57,056 रुपये आ गए। मामले की जानकारी होने पर बीएसए ने शिक्षक व लिपिक को निलंबित कर दिया। साथ ही दोनों ब्लाकों के बीईओ से स्पष्टीकरण मांगा है।