शहर के बाबागंज और कटरामेेदनीगंज स्थित दिगंबर जैन मंदिर में जैन धर्म के अंतिम तीर्थकर भगवान महावीर की 2614वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। सुबह मंदिरों में भगवान का अभिषेक करने के बाद जयकारे से पूरा मंदिर गूंज उठा।
पूजन पाठ पूर्ण होने के बाद भक्तों द्वारा भव्य शोभायात्रा गाजे बाजे के साथ निकाला गया। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े और बग्घियां देख लोग मंत्रमुग्ध हो रहे थे। जगह-जगह सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था थी। शोभायात्रा निर्मल पैलेस चौराहा, भंगवा चुंगी, स्टेशन रोड, पुराना माला गोदाम रोड होते हुए जैन मंदिर वापस पहुंची। इस दौरान 108 कलशों से भगवान महावीर का महाभिषेक किया गया।
इसी तरह कटरामेेदनीगंज में भी भव्य तरीके से शोभायात्रा निकाली गई। शाम को भगवान की महाआरती के बाद भजन संध्या का कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। समारोह में अरविंद जैन, प्रकाशचंद्र, ध्रुव कुमार, गुलाबचंद्र, अजीत कुमार, प्रदीप कुमार, भगौती प्रसाद, मिश्रीलाल, संतोष जैन, संजय, अरिहंतलाल आदि भक्तगण मौजूद रहे।