छठ पूजा के लिए वाराणसी और बिहार जाने वाले लोगों से ट्रेनें फुल चल रही हैं। जंक्शन के टिकट काउंटर से लेकर प्लेटफाॅर्म तक भीड़ ही भीड़ दिखाई पड़ रही है। वाराणसी की ओर जाने वाली ट्रेनों के ठहराव होते ही सिर पर सामान लेकर डिब्बे में बैठने के लिए लोग दौड़ भाग करते दिख रहे हैं।
सात नवंबर को छठ पूजा है। वाराणसी, पटना और विहार के रहने वाले लोग इस पर्व को मनाने के लिए परिवार के साथ घर के लिए रवाना होने लगे हैं। इससे भारी भीड़ ट्रेनों में हो रही है। इससे ट्रेनों में सफर करना बेहद कठिन हो चला है। सभी ट्रेनों में आरक्षण फुल है। ऐसे में यात्रियों की भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। लगभग सभी ट्रेनों को जनरल कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। छोटे-छोटे बच्चों के साथ परिवार के लोग मुंहमांगा किराया देकर फर्श पर ही बैठने को मजबूर हैं। सोमवार को मां बेल्हादेवी जंक्शन होकर वाराणसी और पटना की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का बुरा हाल रहा। हजारों लोग कोचों की फर्श पर परिवार के साथ यात्रा करने को मजबूर हुए। सबसे ज्यादा मारामारी जनता एक्सप्रेस, पंजाबमेल, काशी विश्वनाथ, इंटरसिटी एक्सप्रेस में दिखा।