पुलिस करती रही चेकिंग, बदमाशों ने लूटी टाइनी शाखा संचालक की बाइक
बदमाशों के फायर करने पर बाइक छोड़कर भागा संचालक
हाईवे किनारे मकान में घुसकर बचाई जान, प्रयागराज की ओर भागे बदमाश
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़/ रानीगंज। पुलिस वाहनों की चेकिंग करती रही और बाइक सवार तीन बदमाशों ने टाइनी शाखा संचालक के ऊपर फायर कर बाइक लूट ली। बदमाशों से बचने के लिए संचालक हाईवे के किनारे स्थित मकान में घुस गया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश प्रयागराज की ओर भाग निकले। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के दमदम निवासी जयसिंह यादव पुत्र वीरेंद्र यादव ने गांव के करीब ही सहज जनसेवा केंद्र खोल रखा है। उसी केंद्र पर वह ग्रामीण बैंक कनेवरा की टाइनी शाखा भी चलाता है। शनिवार को करीब 11 बजे वह बाइक से रानीगंज तहसील आ रहा था। उसे एसडीएम ने किसानों से संबंधित फार्म की फीडिंग करनी थी। चिरकुट्टी के पास रानीगंज पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। जयसिंह के पीछे बाइक सवार तीन बदमाश लगे थे। चेकिंग करने वाली पुलिस तीनों बदमाशों को रोकना भी मुनासिब नहीं समझी। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर सवैया के करीब बदमाशों ने जयसिंह को रुकने के लिए कहा। उसने बाइक की स्पीड बढ़ा दी। उसे रुकता न देख बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने फायर झोंक दिया। जयसिंह बाइक छोडक़र जान बचाने के लिए भागकर एक घर में घुस गया। बदमाश उसकी बाइक लेकर प्रयागराज की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस छानबीन करती रही लेकिन कामयाबी नहीं मिली। उसने पुलिस को तहरीर दी है। एसओ रानीगंज ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।