जिलाधिकारी आवास के सामने गुरुवार की शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने पोंटी चड्ढा की शराब कंपनी के कैशियर को तमंचा सटाकर तीन लाख रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। वारदात की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बदमाशों की तलाश में जुट गई। नगर कोतवाली के दहिलामऊ एफसीआई रोड पर शराब कारोबारी पोंटी चड्ढा की कीवी वाइंस एंड प्रेवरेज प्राइवेट कंपनी है। कंपनी का कैशियर रमेश कुमार निवासी विवेक नगर अपने साथी महेंद्र कुमार निवासी इलाहाबाद के साथ गुरुवार की शाम चार बजे बाइक से आईसीआईसीआई बैंक में तीन लाख रुपये जमा करने के लिए जा रहा था। रोडवेज बस डिपो होते हुए दोनों जैसे ही जिलाधिकारी आवास के सामने पहुंचे कि उसी समय पीछे से आए पल्सर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। तमंचे के बल पर बदमाश रुपये से भरा बैग छीनने लगे।
बदमाशों ने धक्का देकर दोनो को कूड़े पर गिरा दिया। इसके बाद कैशियर के हाथ से रुपये से भरा बैग छीनकर अंबेडकर चौराहे की ओर भाग निकले। कैशियर ने कंट्रोल रूम को सूचना देने के बाद सिविल लाइन पुलिस चौकी पहुंचकर लूट की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही एसओजी चौकी पर पहुंची और कैशियर से घटनाक्रम की जानकारी ली। नगर कोतवाल हरिपाल सिंह दोनों को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। वन विभाग की नर्सरी में काम करने वाले लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस दोनों को लेकर कोतवाली लौट गई। कंपनी के मैनेजर अश्वनी सिंह निवासी देवरिया ने बताया कि 3 लाख पांच हजार रुपये व तीन चेक कैशियर रमेश जमा करने के लिए जा रहे थे। जिसे बदमाशों ने तमंचे के बल पर छीन लिया। नगर कोतवाल हरिपाल सिंह यादव ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण करने पर कोई लूट की बात नहीं बता रहा और न ही आसपास रहने वालों को ही भनक लग सकी। संदिग्ध बदमाशों की धरपकड़ के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।