न्यायालय के आदेश पर कल्याणपुर निवासी दिनेश कुमार और उसकी पत्नी प्रमिला देवी के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, मारपीट, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
हथिगवां के कल्यानपुर निवासी सुरेश कुमार ने न्यायालय में वाद दायर कर आरोप लगाया कि उसके सगे भाई ने फर्जी दस्तावेज तैयार करवा कर उसके हिस्से की जमीन अपनी पत्नी प्रमिला के नाम दर्ज करवा दी। फर्जीवाड़ा कर बैंक में उसी जमीन के कागज बंधक रखवा कर दो लाख 59 हजार रुपये का ऋण ले लिया।
पीड़ित सुरेश का आरोप है कि मामले की जानकारी होने पर वह अपने भाई से बात करने गया तो उसने उसे गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने मामले की शिकायत थाना से लेकर एसपी तक की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। न्यायालय ने सुनवाई के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।