श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार लोडर बेकाबू होकर पलटने से दो युवतियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उन्नीस श्रद्धालु घायल हो गए। तीन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। मृतकों व लहूलुहान घायलों के ट्रामा सेंटर पहुंचने पर ट्रामा सेंटर में अफरातफरी मच गई। हादसा श्रद्धालुओं के संग्रामगढ़ इलाके से दर्शन करने बाबा घुइसरनाथ धाम जाते समय लालगंज इलाके में हुआ।
संग्रामगढ़ के लालूपट्टी गांव से शुक्रवार को रामसुमेर सरोज के परिवार की महिलाएं व बच्चे दर्शन पूजन व पूड़ी चढ़ाने लोडर से बाबा घुइसरनाथ धाम जा रहे थे। सुबह साढ़े ग्यारह बजे लालगंज कोतवाली के भेभौरा गांव के पास श्रद्धालुओं से खचाखच भरी लोडर अनियंत्रित होकर पलट गई। दर्दनाक हादसे में लालूपट्टी की रामसुमेर की १८ वर्षीय पुत्री सीमा व शिवा वैश्य की सुरेश सरोज की १८ वर्षीय पुत्री कोमल की लोडर से दबने से मौके पर ही मौत हो गई।
कोमल तीन बहनों में सबसे छोटी थी, जबकि सीमा दो भाई और तीन बहनों से सबसे छोटी थी। घटना में रामसुमेर (48), सुरसती (42), खुश्बू (30), राजा (14), अंशू (30), अंशिका (6), ऋषभ (3), शिवकुमारी (55), अमित कुमार (14), पूनम देवी (36), राजकली (54), खुशी सरोज (11), राज सरोज (14), सुमन (10), राघव (3), निशा (23), अभिषेक (17), रिशा सरोज (40) व चालक मनोज कुमार (25) घायल हो गए।