नए साल के जश्न में रविवार को लोगों ने खूब शराब पी। आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पंजीकृत दुकानों से रविवार को डेढ़ करोड़ की शराब बिकी। जबकि, एक अप्रैल से 30 दिसंबर तक 326 करोड़ रुपये की बिक्री हुई।
जिले में देशी शराब की 242 पंजीकृत दुकानें हैं। वहीं बीयर 72 और अंग्रेजी की 89 पंजीकृत दुकानें हैं। दो मॉडल शॉप और एक बार है। आबकारी विभाग के आकड़ों के मुताबिक, नौ महीनों में जितनी शराब बिकी, उसकी आधे से ज्यादा एक दिन में बिक गई।
देशी शराब की करीब पांच लाख पेटी, अंग्रेजी की 1.66 लाख व बीयर की 2.11 लाख पेटी शराब खरीदी गई। जिला आबकारी अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि रविवार को नए साल के जश्न पर 1.62 करोड़ की शराब और बीयर की बिक्री हुई। शराब पीने वालों क संख्या अधिक रही। बीयर पीने वालों की संख्या कम रही।
देशी शराब की बिक्री ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक रही। शराब की बिक्री में कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए आबकारी निरीक्षकों को निर्देशित किया गया था। शराब और बीयर की दुकानों का निरीक्षण भी किया गया।
दस बजे के बाद ज्यादा दाम पर बिकी
पुलिस प्रशासन ने रविवार की शाम करीब 7 बजे के बाद स्टेशन परिसर के समीप स्थित चाय नाश्ते की दुकान को बंद करा दिया था। इसके बावजूद चाय के शौकीन दुकान पर पहुंचकर चोरी छिपे चाय पीते रहे। वहीं शराब की दुकान पर खुलेआम नियमों का उल्लंघन हुआ। रात दस बजे दुकान बंद करने के आदेश के बावजूद करीब 11 बजे तक शराब की धड़ल्ले से बिक्री होती रही। दस बजे के बाद शराब खरीदने वालों को अतिरिक्त पैसा भी देना पड़ा।