रानीगंज थाना क्षेत्र के राजापुर में चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने लाइनमैन की बेरहमी से पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाइनमैन को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा। लाइनमैन की हालत नाजुक बनी हुई है।
विश्वनाथगंज थाना क्षेत्र के मानधाता मोड़ निवासी सद्दाम हुसैन देल्हूपुर उपकेंद्र पर लाइनमैन हैं। बृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे वह किसी कार्य के लिए राजापुर तिराहा गया था। लघुशंका के दौरान कुछ ग्रामीण ने चोरी का आरोप लगाते हुए लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल लाइनमैन को मेडिकल कॉलेज भेजा।
ग्रामीणों का आरोप है कि सद्दाम के साथ तीन युवक थे। लाइनमैन के साथ तीनों युवक राजापुर तिराहा स्थित एक दुकान का शटर उठाकर अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे। ग्रामीणों को देख वह भागने लगे। इस कारण नाराज ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी। रानीगंज थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि घायल के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।