डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक अवकाश के दिन भी अस्पताल खोले जाने का निर्देश जारी किया है। महानवमी, दशहरा व मोहर्रम के दिन आम दिनों की तरह ओपीडी खुलने की बात कही है, मगर स्वास्थ्य मंत्री के गृह जनपद में ज्यादातर अस्पतालोें में सोमवार को सुबह से ही ताला नहीं खुला। कुछ में 12 बजे तक ही ओपीडी हुई। इससे मरीज परेशान हुए।
प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण ने रविवार से बुधवार तक सर्वजनिक अवकाश के दिन भी आम दिनों जैसे अस्पताल खोले जाने और ओपीडी के साथ ही जांच करने के लिए निर्देश जारी किया। इसके बाद भी बेल्हा के जिला और महिला अस्पताल 12 बजे तक ही ओपीडी हुई। सीएचसी सुखपाल नगर, व सिपाह महेरी में सुबह से ही ताला नहीं खुला। चिकित्सक सार्वजनिक अवकाश घर पर मना रहे थे। उधर कटरागुलाब सिंह पीएचसी और साल्हीपुर कंजास में स्थित सीएचसी का सुबह से ही ताला लटक रहा था। बाबा बेलखरनाथ सीएचसी दोपहर 12 बजे बंद हो गया, वहीं उससे अटैच पीएचसी दिलीपपुर व दीवानगंज का ताला लटक रहा था। जबकि शासन ने सार्वजनिक अवकाश को निरस्त कर दिया।
डेंगू के पांच और चिकनगुनिया के दो नए मरीज मिलेः प्रतापगढ़/पृथ्वीगंज(ब्यरो)। मानधाता थाना क्षेत्र के हरखपुर गांव निवासी अनुराग सिंह (25) पुत्र प्रमोद, विनित ओझा (24), कैलहा निवासी विवेक (38) पुत्र राम सिंह, मानधाता थाना के भगवतगंज निवासी मुरत देवी (40) व नगर कोतवाली क्षेत्र के संसारीपुर निवासी श्रीराम पांडेय (72) को डेंगू हो गया है। परिजन इलाहाबाद के निजी अस्पतालों में इनका इलाज करवा रहे हैं। वहीं संसारीपुर निवासी श्यामा देवी (68) व उसी गांव के वृजेन्द्र पांडेय को चिकनगुनिया हो गया है। इससे दोनों लोगों की हालत बिगड़ गई है। दोनों लोगों का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में हो रहा है।