बाबा घुइसरनाथ धाम में सावन के दूसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के बेकाबू होने से दो कांवड़िये दब गए और पुलिस की बैरिकेडिंग टूट गई। यह देख पुलिस ने श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज कर दिया। श्रद्धालुओं के काबू में होने पर बड़ा हादसा बच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर 27 सेकंड के वायरल वीडियो में बाबा घुइसरनाथ धाम में मंगल आरती के बाद रात करीब तीन बजे मंदिर का कपाट खुलते ही श्रद्धालु बेकाबू हो गए। जलाभिषेक के लिए उनकी धक्कामुक्की से बैरिकेडिंग टूट गई। वहां आगे खड़े कांवड़िया कुंडा निवासी 32 वर्षीय संजय यादव और रायबरेली सलोन निवासी 28 वर्षीय विजय मौर्य भीड़ की धक्कामुक्की में गिर पड़े। जो भीड़ में फंसने के बाद उठ नहीं पा रहे थे।
कांवड़ियों को बचाने के लिए पुलिस ने पहले श्रद्धालुओं को डंडा पटककर हटाने का प्रयास किया लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ बेकाबू होती रही। जिन्हें काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जिससे भीड़ तितर बितर हो गई। अचानक लाठीचार्ज से वहां भगदड़ के हालात उत्पन्न हो गए। अफरा-तफरी वाले माहौल के बीच पुलिस अफसरों ने जलाभिषेक के लिए नए सिरे से इंतजाम किया। जिसके बाद हजारों श्रद्धालुओं ने सुरक्षा के बीच जलाभिषेक किया।
भारी भीड़ के दबाव से बैरिकेडिंग टूट गई और दो श्रद्धालु दब गए। दोनों को बचाने और भगदड़ या किसी बड़े हादसे को टालने के लिए पुलिस ने भीड़ को पीछे धकेला। भीड़ को पीछे करके नीचे बेहोश पड़े दोनों श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाने के बाद जलाभिषेक शुरू कराया गया।
- आशुतोष मिश्र, सीओ लालगंज