सीएचसी लालगंज में स्वास्थ्य सुविधाओं को नया आयाम मिलने जा रहा है। मार्च तक यहां 12 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन मशीन स्थापित की जाएगी। मशीन लगने से ऑपरेशन थियेटर हाईटेक होगा। गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज भी रेफर नहीं किया जाएगा।
सीएचसी में औसतन प्रतिदिन चार सौ मरीजों की ओपीडी होती है। जबकि आईपीडी के 25 से 30 मरीजों को भर्ती कर उपचार किया जाता है। हर महीने औसतन 25 मरीजों का सीएचसी में ऑपरेशन किया जाता है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद गुप्ता ने बताया कि मशीन की खरीद के लिए सीएमओ के माध्यम से शासन को पत्र भेजा गया था। शासन से अनुमति मिल गई है। मार्च में मशीन लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह मशीन बेहोशी और वेंटिलेटर की संयुक्त सुविधा वाली होगी। बताया कि कई बार ऑपरेशन के दौरान मरीज को सांस लेने में दिक्कत होती है। ऐसे में मरीजों को वेंटिलेटर सपोर्ट की जरूरत होती है।
गंभीर मरीजों को तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जाता है। मशीन लगने से मरीजों को सीएचसी से रेफर नहीं किया जाएगा। सुविधा होने के कारण अपेंडिक्स व हर्निया जैसे बड़े ऑपरेशन सीएचसी पर नहीं किए जाते थे।
-
एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन से छह लाख आबादी को मिलेगा लाभ
लालगंज सीएचसी में 446 राजस्व गांव के करीब छह लाख लोग इलाज कराने आते हैं। औसतन प्रतिदिन 15 गंभीर मरीजों को चिकित्सक प्रतापगढ़, प्रयागराज मेडिकल कॉलेज या फिर रायबरेली एम्स रेफर कर देते हैं। एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन से रेफर होने वाले मरीजों का लालगंज सीएचसी में ही बेहतर ऑपरेशन और इलाज होगा।
ऑपरेशन के दौरान जरूरत पड़ने पर वेंटिलेटर का मिलेगा लाभ
सीएचसी अधीक्षक डाॅ. अरविंद गुप्ता ने बताया कि मरीज को ऑक्सीजन देने के बाद भी जान बचाना मुश्किल हो जाता है। उसे तत्काल वेंटिलेटर की जरूरत पड़ती है। एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन ओटी टेबल से जुड़ा होता है। ऑपरेशन के दौरान यदि जरूरत पड़ती है तो मरीजों को तत्काल वेंटिलेटर सपोर्ट देकर ऑपरेशन किया जाता है। इससे मरीजों के जान का खतरा कम हो जाता है।