रेड़ीगारापुर गांव में चोरों ने दो घरों से लाखों का माल पार कर दिया। एक घर में तो चोरों ने पहले आलमारी पर रखा लड्डू खाया, पानी पीया, फिर सामान लेकर चलते बने। तीसरे घर में चोर ताला तोड़ने में नाकाम रहे। सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची डायल 100 खानापूर्ति कर लौट गई। जबकि पट्टी थाना प्रभारी घटना स्थल आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में होने की बात कह कर मामले को टरकाने में जुटे रहे।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के रेड़ीगारापुर निवासी प्रेमनाथ धुरिया शुक्रवार की रात मकान के मेन गेट में ताला बंदकर परिवार के साथ घर के बाहर सो रहा था। रात में चोर पीछे से मकान की छत पर चढ़कर सीढ़ी के सहारे घर में घुस गए और कमरों के ताले तोड़कर, आलमारी, बक्सा व अटैची आदि खंगाल डाली। सुबह सोकर उठे परिजन घर के अंदर का नजारा देख दंग रह गए। कमरों में जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था।
छानबीन की तो तीन सोने के झुमके, एक लाकेट सहित करीब पचास हजार रुपये के सामान गायब थे। इसी रात चोरों ने गांव के रमाकांत यादव के मकान को भी निशाना बनाया। वहां भी मकान के पीछे से छत पर चढ़कर सीढ़ी के सहारे घर में घुसे चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण व कीमती सामान पार कर दिया। चोरी करने से पहले कमरे में चोरों ने लड्डू खाकर पानी भी पीया।
वहीं चोरों ने गांव के उमाशंकर मिश्र के मकान में भी छत पर चढ़कर सीढ़ी के सहारे घर में घुसने की कोशिश की। चोरों ने छत पर सीढ़ी के कमरे में लगा ताला तोड़ दिया, लेकिन आंगन में सीढ़ी पर लगे चैनल गेट का ताला तोड़ने में नाकाम रहे। सुबह घटना की जानकारी होने पर वहां ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची डायल 100 पूछताछ करने के बाद लौट गई।