राजा भैया के दोनों बेटे धरनास्थल पर पहुंच गए
कुंडा के शेखपुर आशिक गांव में मोहर्रम को लेकर सड़क पर एक मस्जिदनुमा गेट बनाया गया है। इसे हटवाने के लिए भदरी किला निवासी उदय प्रताप सिंह बुधवार को तहसील में धरने पर बैठ गए। इसकी जानकारी होने पर एसडीएम, सीओ और बाद में दो बार एडिशनल एसपी उन्हें मनाने पहुंचे, लेकिन वो तैयार नहीं हुए। उधर, शेखपुर में पीएसी के साथ पुलिस मार्च करती रही। तहसील में उदय प्रताप के समर्थकों की संख्या बढ़ती चली गई। राजा भैया के दोनों बेटे बृजराज सिंह व शिवराज सिंह भी धरनास्थल पर पहुंच गए।
धरनास्थल पर हनुमान चालीसा का पाठ
रात करीब साढ़े दस बजे जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल और एसपी सतपाल अंतिल उन्हें मनाने पहुंचे। दोनों अधिकारी धरनास्थल पर उनके पास जाकर बैठ गए। उनके साथ खाना खाया। अफसरों ने जब धरना खत्म करने की बात कही तो उदय प्रताप गेट हटवाने की जिद पर अड़ गए। अधिकारियों के असमर्थता जाहिर करने पर उदय प्रताप ने उन्हें सॉरी बोलकर वहां से जाने के लिए कह दिया। डीएम-एसपी रात करीब डेढ़ बजे तक एसडीएम कार्यालय में बैठे रहे। इसके बाद मुख्यालय लौट आए। रात में धरनास्थल पर हनुमान चालीसा का पाठ और सुबह संकीर्तन चलता रहा।