डायल 100 के मुख्य आरक्षी को गोली मारने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस अब हांफती नजर आ रही है। संदिग्धों से कोतवाली भरी पड़ी है लेकिन अभी तक नतीजा शून्य है। पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों की तलाश में प्रयागराज व कौशांबी में दबिश देकर दो लोगों को उठाया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि घटना में शामिल बदमाशों को दबोचने में अभी पुलिस कामयाब नहीं हो सकी। नगर कोतवाली के भुपियामऊ में बुधवार की रात पल्सर सवार बदमाशों ने बाइक रोकते समय मुख्य आरक्षी भोलानाथ को गोली मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार प्रयागराज में चल रहा है। सिपाही को गोली मारने वाले बदमाशों की तलाश में जिले की पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसके बाद भी पुलिस को कामयाबी नहीं मिल सकी। संदिग्ध बदमाशों व उनके परिवार केे सदस्यों से कोतवाली भरी पड़ी है। इसके बाद भी नतीजा शून्य है। प्रयागराज व कौशांबी में दबिश देकर पुलिस दो बदमाशों को उठा लाई है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार की रात रानीगंज में पुलिस ने जोरदार दबिश दी। वहां से एक संदिग्ध बदमाश का हुलिया भी स्कैच से मेल खा रहा था। उसे दबोचने के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। भुपियामऊ में लगातार एएसपी पूर्वी सुरेंद्र द्विवेदी डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने बताया कि बदमाशों की तलाश में हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाया जाएगा। अब घायल मुख्य आरक्षी खतरे से बाहर है।