खिलाड़ियां के लिए खुश खबरी है। जिला स्टेडियम को कोलकाता के ‘ईडन गार्डेन’ की तरह संवारने का सपना पूरा होने वाला है। डीएम अमृत त्रिपाठी के जरिए भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने हरी झंडी दे दी है। इतना ही नहीं काम शुरू करने के लिए सरकार ने बीस लाख रुपये का बजट भी पास कर दिया। जरूरत पड़ी तो जिलाधिकारी की मांग पर दूसरे चरण में सरकार और भी पैसा देगी। जिला स्टेडियम काफी पुराना है। कई साल से अधिकारियों ने उस पर ध्यान नहीं दिया। इसका परिणाम यह रहा कि खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से बने इस स्टेडियम की काया जर्जर हो गई। मजबूरन कई साल पुरानी व्यवस्था के बीच खिलाड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं।
स्टेडियम में बेहतरीन प्रशिक्षक होने के बाद भी सुविधा के अभाव में यहां की खेल प्रतिभाओं को निखरने का मौका नहीं मिल रहा है। सुविधा न होने से जिले की खेल प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। हालात से अच्छी तरह वाकिफ डीएम ने जिला स्टेडियम को खूबसूरत बनाने के सपने को पूरा करने के लिए कुछ माह पूर्व सकारात्मक पहल की। उन्होंने सारी स्थिति का हवाला देते हुए एक प्रस्ताव बना कर जिला स्टेडियम को संवराने के लिए शासन को भेजा था। लंबी इंतजारी के बाद शासन ने प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। जिला स्टेडियम में सुधार के लिए बीस लाख रुपये का बजट सरकार ने पास कर दिया। जरूरत पड़ने पर यदि दूसरे चरण में डीएम पैसे की मांग करेंगे तो और पैसा शासन से मिल जाएगा। स्टेडियम में अत्याधुनिक खेल सुविधाओं के साथ ग्रीन कल्चर भी बनेगा। प्रशासन की कोशिश है कि जिला स्टेडियम को ‘ईडन गार्डेन’ न सही पर उसके जैसा सजाया संवारा जाए। कोशिश कामयाब हुई तो जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए डीएम की यह पहल नई ऊंचाई का रास्ता बनाएगी।