प्रतापगढ़। हाईस्कूल की परीक्षा में फेल होने वाले परीक्षार्थी कंपार्टमेंट (पूरक ) परीक्षा में शामिल होने के लिए एक से बारह जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। इस वर्ष परीक्षार्थियों को डीआईओएस कार्यालय में नहीं, बल्कि अपने कॉलेज में ही आवेदन करना होगा। कॉलेज के प्रिंसिपल 12 जुलाई तक उसे आनलाइन करेंगे।
यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल में फेल होने वाले परीक्षार्थियों को एक बार फिर राहत दे दी है। तीन विषयों में फेल होने वाले परीक्षार्थियों को हाईस्कूल पास करने के लिए पूरक परीक्षा कराने का फैसला किया है। माध्यमिक शिक्षा सचिव अमरनाथ वर्मा ने पत्र जारी कर एक से 12 जुलाई तक परीक्षार्थियों को आवेदन करने का मौका दिया है। आवेदन करने वाले परीक्षार्थियों को 256.50 शुल्क अदा करना होगा। 15-25 जुलाई के बीच आंतरिक मूल्यांकन होगा। यूपी बोर्ड ने एक बड़ा बदलाव करते हुए इस वर्ष फार्म भरने की जिम्मेदारी कॉलेज के प्रिंसिपलों को सौंपी है। इसके पूर्व डीआईओएस कार्यालय में परीक्षार्थियों को आवेदन करना होता था। जिससे ग्रामीण इलाकों के छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था।