संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक ने सीएचसी का लिया जायजा
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर दिया सुधार का निर्देश
संडवा चन्द्रिका। संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक व मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक ने शुक्रवार को सीएचसी संडवा चंद्रिका का जायजा लिया। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधीक्षक समेत स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के बेहतर उपचार का निर्देश दिया।
संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक डा. अनिल कुमार सिंह व मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक हरित सक्सेना ने सीएचसी पहुंच कर कोविड हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। सीएचसी पर शुक्रवार को 11 एंटीजन टेस्ट हुए थे। जिसमें तीन लोगों के संदिग्ध मिलने पर उनका सैंपल लेकर जांच के लिए एसआरएन भेजा गया था। उन्होंने संदिग्ध मरीजों का सैंपल जल्द भेजे जाने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने जननी सुरक्षा योजना, नसबंदी, लाभार्थियों के चेक वितरण, गर्भवती महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण, प्रधानमंत्री वंदन योजना की पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल, प्रसव कक्ष और वार्ड में साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर अधीक्षक डा. सुनील यादव, चीफ फार्मासिस्ट श्यामशंकर मिश्र, ब्लाक कार्यक्रम अधिकारी राजेश श्रीवास्तव तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
बाइक व मैजिक की भिड़ंत में एक की मौत, दो घायल
विश्वनाथगंज। प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर बाइक व मैजिक की भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए। मानधाता थाना क्षेत्र के पूरे नियादर के करीब मैजिक डाला व बाइक में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मैजिक डाला अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे मैकि चालक बाबूलाल की मौत हो गई। डाला सवार मजदूर लालचंद्र व बाइक सवार रमेशचंद्र पुत्र माता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सर्पदंश से युवक व महिला की मौत
उड़ैयाडीह/ रखहा। अलग-अलग स्थानों पर सर्पदंश से युवक व महिला की मौत हो गई। जिससे घर में कोहराम मचा रहा। पट्टी कोतवाली के मकरा मनभवना निवासी सुभाष पांडे (40) को गुरुवार की रात बिस्तर पर सोने के लिए जाते समय सांप ने डस लिया। परिजन उसे लेकर झाड़-फूंक के लिए भागे। जब उसे राहत नहीं मिली तो जिला अस्पताल ले जाते रहे थे। रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। सूचना मिलने पर परिजन बिलखने लगे। दूसरी ओर कंधई थाना क्षेत्र के पूरे दूलम रत्तूपुर निवासी शेर बहादुर सिंह की पत्नी उर्मिला (42) खाना खाकर सो रही थी। रात में उसे सांप ने डस लिया। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। जहां से प्रयागराज ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।
लूट का आरोपी गिरफ्तार
संडवाचंडिका। एलआईसी अभिकर्ता से लूटपाट करने के आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया। नगर कोतवाली के भोजपुर बिहारगंज निवासी कमल सिंह को 7 अगस्त की देर शाम भानापुर गांव के पास तीन अज्ञात स्कूटी सवार बदमाशों ने लूट लिया था। अंतू पुलिस ने लूट के आरोपी सलमान उर्फ अबू हासिम पुत्र अब्दुल कासिम अंसारी निवासी महुली थाना कोतवाली नगर और विपिन गौड़ पुत्र मुकेश गौड़ निवासी महुली थाना कोतवाली नगर को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया था। घटना में राजा उर्फ इरफान पुत्र सिकंदर निवासी पतुलकी थाना अंतू का नाम भी प्रकाश में आया था। पुलिस ने गुरुवार की रात उसे लोहंगपुर से दबोच लिया। उसके पास से लूट के 1200 रुपए व आधारकार्ड बरामद हुआ। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
संदिग्ध हालत में किशोरी की मौत
बीरापुर। संदिग्ध हालत में किशोरी की मौत हो गई। जिससे घर में कोहराम मचा रहा। फतनपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी विनोद सरोज की पुत्री पलक सरोज (13) शुक्रवार दोपहर घर पर अकेले थी। इस बीच घर के बगल एक पेड़ पर उसकी लाश लटकती मिली। परिजनों की नजर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। आनन- फानन में उसे पेड़ से नीचे उतारा और उपचार के लिए सीएससी रानीगंज ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि पलक घर के बगल पेड़ के पास खेल रही थी दुपट्टा पेड़ में फंस जाने के कारण गला दब गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
फायरिंग के मामले में दरोगा निलंबित
संडवाचंद्रिका। जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट व फायरिंग के मामले में लापरवाही बरतने वाले दरोगा को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है। अंतू के गोबरी में गत दिनों जमीन को लेकर मारपीट व फायरिंग की घटना हुई थी। घटना को गंभीरता से न लेने पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने दरोगा हरेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया।
छह दिन बाद मिला किशोर का शव
गड़वारा। छह दिन पहले सई नदी में डूबे किशोर का शव कारीघाट पर मिल गया। अंतू थाना क्षेत्र के इशीपुर निवासी कृष्णा सिंह व जय सिंह सई नदी में नहाने गए थे। दोनों नदी के गहरे पानी में डूब गए थे। दूसरे दिन कृष्णा का शव खीरीबीर घाट पर मिल गया आथा। जय का शव नहीं मिला था। यहां तक कि एसडीआरएफ की टीम जौनपुर तक खोजबीन कर लौट गई थी। शुक्रवार को कृष्णा का शव कारीघाट पर उतराया मिला।