लालगंज। संयुक्त अधिवक्ता संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद अनिल तिवारी महेश ले दूसरी बात जीत दर्ज की है। अध्यक्ष समेत सभी पदों पर जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों को समर्थकों ने फूल-मालाओं से लाद दिया। तहसील परिसर से लेकर इंदिरा चौक तक पटाखे फोड़े गए और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्र मनाया गया। चुनाव के दौरान गहमागहमी को देखते हुए तहसील परिसर में भारी फोर्स तैनात की गई थी।
लालगंज तहसील में मंगलवार को गहमागहमी के बीच संयुक्त अधिवक्ता संघ का चुनाव हुआ। चार थानों की फोर्स व पीएसी की मौजूदगी में सुबह नौ बजे से मतदान प्रारंभ हुआ। तीन बजे तक मतदान के लिए निर्धारित अवधि में कुल 460 में से 450 अधिवक्ताओं ने वोट डाला। अपराह्न साढ़े तीन बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना प्रारंभ हुई। बंद कमरे में हुई मतगणना के बाद एक-एक कर परिणाम आने शुरू हुए तो तहसील परिसर में जुटे समर्थक खुशी से झूम उठे। मतगणना में अध्यक्ष पद पर अनिल त्रिपाठी महेश ने 208 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संदीप सिंह 55 मतों से पराजित किया।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रवीण यादव 41 वोट पाकर तीसरे व कालिका प्रसाद पांडेय 35 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सिविल पद पर शहजाद अंसारी को 175 मत मिले। उन्होंने 155 वोट पाने वाले उमाशंकर मिश्र को बीस वोटों के अंतर से हराया। वीरेंद्र कुमार 115 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, महामंत्री पद पर शेष तिवारी ने 217 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उन्होंने 187 वोट पाने वाले धीरेंद्र शुक्ला को पराजित किया। जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाले हरिश्चंद्र पांडेय को सिर्फ 39 वोट मिले। संयुक्त अधिवक्ता संघ के चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर सबसे कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस पद पर 119 मत पाने वाले विनय कुमार तिवारी ने कांटे की टक्कर में 115 वोट पाने वाले विनय कुमार जायसवाल को महज चार मतों से हराया।
98 वोट पाकर आशीष तिवारी तीसरे स्थान पर रहे। जबकि अखिलेश श्रीवास्तव 66 मत पाकर चौथे व मस्तराम पाल 41 वोट के साथ पांचवें स्थान पर रहे। चुनाव समिति के मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने परिणामों की घोषणा की तो जीतने वाले जीतने वाले प्रत्याशियों के समर्थक खुशी से झूम उठे। उन्हें फूल-मालाओं से लादने के बाद पटाखे फोड़कर जीत का जश्र मनाया। चुनाव समिति के अध्यक्ष रामलगन यादव व संरक्षक कमलेश तिवारी ने जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों को प्रमाण-पत्र वितरित किया। तहसील में गहमागहमी को देखते हुए सीओ रामसूरत सोनकर भारी भरकम फोर्स के साथ डटे रहे। इस मौके पर चुनाव समिति के प्रमोद सिंह, रमेश पांडेय, बाबूलाल वर्मा, राजेंद्र विश्वकर्मा, राजेश तिवारी, रोशनलाल सरोज, जय प्रकाश शुक्ल, शारदाबक्स सिंह, इरफान अली, धीरेंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।
कई पदों पर हुआ निर्विरोध निर्वाचन
संयुक्त अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष (दो पद) व महामंत्री के लिए जहां कड़ा मुकाबला देखने को मिला वहीं, कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। कोषाध्यक्ष पद पर पंकज तिवारी, प्रचार मंत्री पर सुरेंद्र कुमार, सहमंत्री पर कमलेश दुबे व आय-व्यय निरीक्षक पद पर देवकरन वर्मा निर्विरोध चुने गए। वहीं, कार्यकारिणी सदस्य पद पर भी पुनीत कुमार मिश्र, अवनीश, वकील अहमद व सतीश पांडेय निर्विरोध चुने गए। मंगलवार को चारों पदों पर जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों के साथ ही पूर्व में निर्विरोध निर्वाचित हुए पदाधिकारियों को भी चुनाव समिति की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।