प्रयागराज के सोरांव तहसील क्षेत्र के कल्यानपुर से जेठवारा का सफर अब आसान होगा। 17.86 करोड़ की लागत से सड़क का चौड़ीकरण होगा। इसके लिए शासन ने धनराशि जारी कर दी है। कुंडा व रानीगंज विधानसभा के लोगों को मार्ग के चौड़ीकरण से काफी राहत मिलेगी और वाहन जाम में फंसे बिना फर्राटा भर सकेंगे। चौड़ीकरण होने से करीब 20 से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन सुलभ होगा।
विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के जेठवारा से सोरांव के कल्यानपुर सीमा तक साढ़े दस किमी सड़क अभी तक पौने चार मीटर बनी थी। इस सड़क से भारी वाहनों के निकलने पर जाम लग जाता था। दो वाहनों के एक साथ निकलने के दौरान काफी समस्या होती थी। इसे देखते हुए स्थानीय विधायक जीतलाल पटेल ने सड़क चौड़ीकरण के लिए शासन को पत्र लिखा।
शासन ने पौने चार मीटर सड़क को अब सात मीटर तक चौड़ी करने की स्वीकृति देते हुए 17.86 करोड़ का बजट जारी किया है। सड़क के चौड़ीकरण होने से जेठवारा, कानूपुर, सराय महासिंह, रामचंदापुर, गंभीरा, गोकुला, जगदीशपुर, सराय देवराय, कटरा गुलाब सिंह समेत करीब 20 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। वहीं, प्रयागराज जाने वाले लोगों को भी सहूलियत होगी। इसके बन जाने से सोरांव हाईवे से लोग सीधे कल्यानपुर होते हुए आसानी से जेठवारा पहुंच सकेंगे।
बोले अफसर
शासन ने जेठवारा-कानूपुर होते हुए साढ़े दस किमी सड़क चौड़ीकरण की स्वीकृति देते हुए बजट जारी किया है। सड़क के चौड़ीकरण का काम समय से पूरा कराया जाएगा। - बीएम सिंह, एक्सईएन, लोनिवि