हथिगवां विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत संविदा लाइनमैन की मौत के मामले में प्रबंध निदेशक ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए जेई आफताब आलम और एसडीओ विजय कनौजिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
हथिगवां थाना क्षेत्र के मोहद्दीनगर गांव निवासी रामसूरत विश्वकर्मा (55) विद्युत उपकेंद्र हथिगवां पर संविदा लाइनमैन थे। शुक्रवार को वह मिश्र दयालपुर गांव में विद्युत पोल पर लाइन जोड़ रहे थे। इसी दौरान करंट की चपेट में आकर वह बुरी तरह झुलस गए। सीएचसी से गंभीर हालत में प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
ग्रामीणों ने बताया कि रामसूरत अपने परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थे। हादसे के बाद से ग्रामीणों और बिजलीकर्मियों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि संविदा लाइनमैनों से जोखिम भरे कार्य तो कराए जाते हैं लेकिन सुरक्षा उपकरण और मानक नियमों की अनदेखी की जाती है। यही लापरवाही रामसूरत की मौत की वजह बनी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम मुख्यालय ने तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच में पाया गया कि हथिगवां उपकेंद्र पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कराया गया और जिम्मेदार अधिकारियों ने लापरवाही बरती। इसके बाद जेई और एसडीओ पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया। अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार मौर्या ने बताया कि निलंबन की कार्रवाई प्रबंध निदेशक ने की है।