मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन से होकर जाने वाली अप और डाउन जनता एक्सप्रेस शुक्रवार को निरस्त रही। जिस कारण पंजाब मेल में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी।
प्लेटफार्म पर ट्रेन के पहुंचते ही चढ़ने के लिए यात्रियों में धक्का-मुक्की हुई। किसी तरह से मशक्कत कर यात्री ट्रेन में चढ़ सके। गाड़ी संख्या-15115 वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या-15120 देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस शुक्रवार को रेल प्रशासन द्वारा रद्द कर दी गई। जिस कारण मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर पहुंचे यात्रियों में अफरा-तफरी रही।
यात्रियों की भीड़ के चलते प्लेटफार्म खचाखच भरा रहा। ट्रेन जैसे ही जंक्शन पहुंची यात्री में चढ़ने के लिए होड़ लगी रही। स्लीपर व जनरल कोच में यात्री ठसाठस भरे रहे। खड़े होकर यात्री गंतव्य की ओर रवाना हुए। अंतू निवासी विजय ने बताया कि उनका टिकट जनता एक्सप्रेस से था लेकिन ट्रेन रद्द होने के कारण अब पंजाब मेल से जनरल टिकट लेकर यात्रा करना पड़ रहा है। मीराभवन के शिवम ने बताया कि उनका वेटिंग टिकट था लेकिन ट्रेन निरस्त होने के कारण घर वापस जा रहे हैं।