लालगंज के बेलहा में संदिग्ध दशा में मृत आईटीआई छात्र के बिलखते परिजन।
- फोटो : PRATAPGARH
आईटीआई छात्र की खुदकुशी के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को कालाकांकर-लालगंज हाईवे पर उसका शव रखकर जाम लगा दिया। इसकी जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों तथा ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया। कोतवाल के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देने पर दोपहर बाद मृतक छात्र का शव परिजन अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
लालगंज कोतवाली के बेलहा गांव निवासी जोखूलाल शर्मा के पुत्र धीरेंद्र शर्मा उर्फ धीरू ने शनिवार को छत की दूसरी मंजिल पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह शहर के एक कालेज में आईटीआई का छात्र था। उसके पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला था। जिसमें लिखा था, ...सारी पापा, मैं कायर नहीं हूं, लेकिन गांव के ही तीन लोगों के उत्पीड़न से परेशान होकर अपनी जान दे रहा हूं। पुलिस ने धीरेंद्र के भाई धर्मेंद्र की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रात में ही केस दर्ज कर लिया।
हालांकि अभी एक भी आरोपी को हिरासत में नहीं लिया गया है। रविवार को छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव घर पहुंचा तो परिजन बिलखने लगे। घटना को लेकर गांव में आक्रोश था। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों ने परिजनों के साथ लालगंज-कालाकांकर हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
सूचना मिलते ही कोतवाल संजय यादव फोर्स के साथ पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस के आश्वासन पर आधे घंटे के भीतर ही लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए चले गए। इधर, आईटीआई छात्र की आत्महत्या की गुत्थी दूसरे दिन भी पुलिस सुलझा नहीं सकी।
उसने सुसाइड नोट में यह तो जाहिर किया है कि उसकी मौत के जिम्मेदार कौन-कौन हैं, लेकिन किस वजह से उसे परेशान किया जा रहा था, इसका कोई जिक्र नहीं है। गांव मे छात्र की आत्महत्या को लेकर उसके प्रेम प्रसंग को लेकर आरोपियों द्वारा वसूली करने की चर्चा होती रही। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। परिजन भी कुछ साफ-साफ नहीं बता पा रहे हैं। कोतवाल संजय यादव ने बताया कि छात्र की आत्महत्या को लेकर कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। शीघ्र ही घटना के कारणों का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लालगंज के बेलहा में आईटीआई छात्र की मौत के बाद जाम लगाये ग्रामीण।- फोटो : PRATAPGARH