जगेशरगंज स्टेशन अधीक्षक और गैंगमैन के बीच बृहस्पतिवार शाम मारपीट हो गई। गैंगमैन घायल हो गया। गैंगमैन की सूचना पर अंतू के साथ अमेठी आरपीएफ पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है।
अंतू स्टेशन पर अधीक्षक के पद पर रंजीत कुमार मिश्र तैनात हैं। बृहस्पतिवार शाम रंजीत अपने कक्ष में बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान गैंगमैन दीपक सरोज शराब के नशे में कार्यालय में पहुंचा। अधीक्षक को अपशब्द कहने लगा। अधीक्षक नाराज हो गए। दीपक का आरोप है कि अधीक्षक अपने कुछ चहेते लोगों को बुलाकर डंडे से पिटाई कराई। रंजीत और दीपक ने इसकी सूचना अंतू पुलिस के साथ आरपीएफ अमेठी को दी। आरपीएफ अमेठी इंस्पेक्टर सीएस मिश्र ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की।
देर शाम तक दोनों पक्ष स्टेशन पर मौजूद रहे। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। दीपक ने पुलिस को तहरीर भी दी है। आरपीएफ इंस्पेक्टर सीएस मिश्र ने बताया कि दोनों पक्ष समझौता करने के लिए बैठे हैं। यदि समझौता करते हैं तो ठीक है नहीं तो तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।