राजकीय आईटीआई कॉलेजों में पढ़ने वाले युवाओं को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद रोजगार का अवसर दिया जाएगा। अप्रेंटिस मेले के माध्यम से युवाओं को अप्रेंटिसशिप का मौका मिलेगा। अप्रेंटिसशिप करने के दौरान प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवा ख्यातिलब्ध कंपनियों में आसानी से रोजगार पा सकेंगे। अप्रेंटिसशिप के तहत चयनित युवाओं को संबंधित संस्थान की ओर से एक साल तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान युवाओं को प्रोत्साहन राशि के रूप सात से आठ हजार रुपये भी प्रतिमाह दिए जाएंगे। आईटीआई का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को प्रायोगिक ज्ञान अर्जित करने के लिए अप्रेंटिसशिप योजना जारी की गई है। जनपद स्तर पर अप्रेंटिस मेले का आयोजन कर युवाओं का चयन किया जाएगा। जिससे युवा अपने हुनर और रूचि के अनुसार संस्थानों का चयन कर सकें। नोडल प्रधानाचार्य अभिषेक पटेल ने बताया कि आईटीआई के दौरान प्रशिक्षुओं को इलेक्ट्रीशियन, फीटर, वेल्डर, मशीनिस्ट समेत अन्य ट्रेडों की बेसिक प्रशिक्षण दिया जाता है। आईटीआई करने के बाद प्रशिक्षणार्थियों को अलग-अलग कंपनियों में अप्रेंटिसशिप करना होता है। इससे उनके कौशल का विकास होता है। इस दौरान उनको प्रोत्साहन राशि के रूप में स्टाइपेंड भी दिया जाता है। एक साल अप्रेंटिसशिप करने के बाद स्थायी नौकरी मिल जाती है। जनपद की चार राजकीय आईटीआई में 2416 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं।