रायबरेली के ऊंचाहार के इटौरा बुजुर्ग में सामूहिक हत्याकांड में मारे गए लोगों को अपराधी बताने वाले कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने अब इस मामले से कन्नी काट ली है। सोमवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने इस मसले पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। यह पूछने पर कि जिन्हें आप ने अपराधी बताया था उन्हें योगी सरकार की तरफ से आर्थिक मदद दी गई, उन्होंने कहा कि इस मामले पर बहुत बवाल हो चुका है। अब कोई दूसरा सवाल। विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए पांच साल में 70 लाख युवाओं को रोजगार देने की बात कही। उन्होंने हरियाणा में हुई मौतों पर प्रशासनिक चूक बताते हुए कहा कि अब ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी।
बीते कुछ महीनों पहले रायबरेली के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के इटौरा बुजुर्ग गांव में पांच लोगों की क्रूरता के साथ हत्या कर दी गई थी। मरने वालों में चार लोग प्रतापगढ़ थे। इस मामले में उस बवाल खड़ा हो गया था जब कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मारे गए लोगों को अपराधी बता दिया था। बाद में सीएम योगी आदित्यनाथ ने मारे गए लोगों के परिजनों को आर्थिक मदद देने के साथ घटना पर दुख जताया था। सोमवार को प्रेसवार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद ने इस मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। श्रम एवं सेवायोजन मंत्री ने कहा कि बेरोजगारी को समाप्त करने के लिए प्राइवेट कंपनियों को बुलाकर रोजगार मेले का आयोजन कर युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी दी जाएगी। पांच साल में 70 लाख युवाओं को देने की बात कहते हुए बताया कि लखनऊ में हाल ही में इसका प्रयोग किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। पुलिस विभाग और बेसिक शिक्षा में नौकरी के द्वार खुलने की बात करते हुए योग्यता के अनुरुप शिक्षा देने की बात कही है। श्रम कल्याण विभाग की योजनाओं के सरलीकरण की जानकारी देते हुए रजिस्ट्रेशन कराने के लिए अब बीस रुपये देना होगा, पहले यह शुल्क पचास रुपये था। पहले पांच साल का रजिस्ट्रेशन होने पर आवासीय योजना का लाभ मिलता था, अब केवल साल बाद आवासीय सूची में शामिल हो जाएगा। नवीकरण की प्रक्रिया समाप्त करने की बात करते हुए कहा कि आवास बनाने के लिए आर्थिक मदद की जाएगी। हरियाणा में राम रहीम को सीबीआई कोर्ट के दोषी ठहराने पर हुए बवाल और मौत के लिए सरकार की प्रशासनिक चूक बताते हुए भविष्य में पुनरावृत्ति नहीं होने की बात कही। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद मौर्य समेत तमाम लोग मौजूद रहे।